November 11, 2025

First published August 17, 2025

 in Dainik Bhaskar

उत्तर यूरोप के आख्यान शास्त्र से जानें एक विलक्षण अश्व की कहानी

norse

आज के लेख के माध्यम से भारत से दूर उत्तर यूरोप तक यात्रा करके वहाँ के नॉर्स लोगों के आख्यान शास्त्र के बारे में जानते हैं। ये लोग लगभग एक हज़ार वर्ष पहले वहाँ जीते थे।

उत्तर यूरोप में ईसाई आख्यान शास्त्र से पहले नॉर्स आख्यान शास्त्र प्रचलित था। इस आख्यान शास्त्र में कई रोचक कहानियां हैं, जैसे आठ-टांगों वाले अश्व की कहानी। पिछले कुछ दशकों में थॉर और लोकी जैसे नॉर्स देवताओं पर आधारित हॉलीवुड चलचित्र बड़े लोकप्रिय बनें हैं। फलस्वरूप, नॉर्स आख्यान शास्त्र की लोकप्रियता भी बढ़ गई है। इसका एक और कारण 21वीं सदी के प्रारंभ में बनी ‘लॉर्ड ऑफ़ द रिंग्स’ चलचित्रों की लोकप्रियता है। उनमें नॉर्स आख्यान शास्त्र पर आधारित जादुई शक्तियों वाले मनुष्य-रूपी एल्व और बौने ड्वार्फ़ जैसे तरह-तरह के विलक्षण जीव दर्शाए गए।

हमें इस आख्यान शास्त्र के बारे में अधिकाँश जानकारी ईसाई पादरियों और उत्तरी लोगों की एड्डा नामक गाथाओं से मिली है। नॉर्स लोग वाइकिंग भी कहलाते हैं। वाइकिंग खूंखार योद्धा थे जो मानते थे कि युद्ध में मृत्यु पाने से देवताओं के राजा, ओडिन, की बेटियां, वलकीरी, उनकी प्रशंसक बन जाती। फिर वलकीरी सर्वश्रेष्ठ मृत योद्धाओं को अस्गार्ड नामक देवताओं की सभा में ले जाती। यहाँ, इन योद्धाओं को पुनर्जीवित किया जाता था, और फिर वे देवताओं के संग खान-पान करते थे। इसके बाद देवता और वाइकिंग योद्धा रागनारॉक नामक अंतिम युद्ध में एक साथ लड़ने जाते थे।

नॉर्स लोगों का यह विश्वास था कि इस अंतिम युद्ध में सृष्टि का अंत होगा। और देवता मनुष्य-रूपी विशालकाय जायंट और गॉब्लिन नामक विकृत, नटखट पिशाचों के साथ लड़ाई में मारे जाएंगे। देवताओं के मरने की यह धारणा अन्य संस्कृतियों में नहीं पाई जाती है।

नॉर्स लोगों में विश्व की उत्पत्ति की कहानी भी बड़ी अनोखी है। वे मानते थे कि विश्व की शुरुआत में एक विशाल रिक्त जगह होती थी। इस रिक्त जगह की एक ओर आग थी और दूसरी ओर बर्फ़ था। आग की उष्णता और बर्फ़ की शीतलता के मिलने पर कई शाखाओं वाले एक विशाल पेड़ ने जन्म लिया। इस पेड़ की प्रत्येक शाखा पर जीवों की एक अलग नस्ल ने वास किया: जायंट, देवता, मनुष्य, ड्वार्फ़, एल्व और गॉब्लिन।

लोकी एक लोकप्रिय नॉर्स देवता हैं। हालाँकि कुछ लोग उन्हें शैतान समान समझते हैं, वास्तव में वे दुष्ट नहीं बल्कि केवल उपद्रवी और नटखट हैं। वे यह नहीं समझते कि उनकी शरारतों के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। वे चालाक ही नहीं बल्कि सम्मोहक भी हैं, जो जब मन चाहे अपना रूप बदलते हैं। इस प्रकार, वे पुरुष और स्त्री दोनों रुप लेकर जीवों को जन्म देते हैं। लोकी तीन भिन्न जीवों – नॉर्स आख्यान शास्त्र में पाताल की देवी, हेल, एक समुद्री सांप और एक भेड़िए – के पिता हैं। कहते हैं कि इसी भेड़िए के कारण रागनारॉक के युद्ध में ओडिन की मृत्यु होगी और विश्व का अंत होगा। लोकी एक आठ-टांगों वाले अश्व की माँ भी हैं। आइए इससे जुड़ी कहानी जानते हैं।

एक दिन, एक जायंट ने देवताओं को आश्वासन दिया कि वह किला बनाकर उनके राज्य को शत्रुओं से सुरक्षित रखेगा। बदले में देवताओं से अपेक्षित था कि वे उसे फ़्रेया नामक देवी से विवाह करने दें। ओडिन की इच्छा न होते हुए भी वे मान गए। उन्हें लगा कि वे उस जायंट को गर्मी शुरू होने से पहले किला तैयार करने का असंभव लक्ष्य देकर वह विवाह रोक पाएंगे। लेकिन जायंट का शक्तिशाली अश्व बड़ी तेज़ी से किला निर्माण कर सकता था, जिसके बलबूते जायंट ने ओडिन की यह असंभव शर्त मान ली।

किला तेज़ी से बनता हुआ देखकर ओडिन बहुत चिंतित थे। तब उन्हें लोकी से मदद मिली। लोकी ने अपना रूप बदल दिया और एक मादा अश्व बनकर जायंट के अश्व को लुभाने लगें। जायंट के अश्व का ध्यान भंग हुआ और उसने किला बनाना रोक दिया। इस प्रकार, किला अपूर्ण रह गया और फ़्रेया जायंट से विवाह करने से बच गईं। अपूर्ण ही सही, लेकिन किले ने देवताओं को सुरक्षित रखा। और जायंट के अश्व तथा मादा अश्व ने आठ-टांगों वाले अश्व को जन्म दिया, जो फिर ओडिन का वाहन बन गया।


Recent Books

  • flowers of india book

    Flower of India: Ways of Seeing the Lotus

    In Flower of India, bestselling author and renowned mythologist Devdutt Pattanaik examines the lotus as one of the most pervasive and resonant symbols of the Indian subcontinent. Through its many avatars—as plant, resource, metaphor, design, and sacred form—he traces how the lotus has shaped India’s cultural imagination across history, religion, art, and everyday life. Concise…

  • astra shastra

    Astra Shastra: Weapons of the Hindu Gods

    Well-known mythologist Devdutt Pattanaik introduces young readers to the wonderful weapons of Hindu gods with his unique art and easy-to-read text…

  • Escape the Bakasura Trap : Let Contentment Fuel Your Growth

    This book re-discovers this path, first revealed by Hanuman in the Mahabharata. Insightful and inspiring, Escape the Bakasura Trap is another classic from one of our great mythologists and thinkers…

  • लंकेश: रावण संग एक रोमांचक यात्रा

    यह पुस्तक भारत के सबसे विख्यात महाकाव्य रामायण और इस कारण भारत के सबसे बड़े खलनायक, रावण, को विस्तार से जानने की राह खोलती है।…

Recent Posts